Search News
Tip: Search by heading, content, category, city, state, highlights.
REPORT BY: ARUN MISHRA
शास्त्रीनगर के व्यापारी हाइडल विभाग के चीफ इंजीनियर से मिले:बोले- आवास विकास की कार्रवाई के बाद कनेक्शन काटने को लेकर आ रहे फोन
05 May 2026, 06:13 PM Uttar Pradesh - Meerut
Reporter : Arun Mishra
Meerut

मेरठ में शास्त्रीनगर क्षेत्र के व्यापारियों की बिजली कनेक्शन को लेकर चल रही समस्या को लेकर मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने हाइडल विभाग के चीफ इंजीनियर रजनीकांत मिश्र से मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल तिरंगा चौक व्यापार संघ शास्त्रीनगर के अध्यक्ष मनोज गर्ग के नेतृत्व में पहुंचा, जहां व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा।

व्यापारियों ने बताया कि हाल ही में कुछ व्यापारियों को फोन कर यह कहा गया था कि वे कमर्शियल गतिविधि कर रहे हैं, जिसके चलते उनके बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं। इसको लेकर व्यापारियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने चीफ इंजीनियर से स्पष्ट मांग की कि बिना उचित कारण और जांच के किसी भी व्यापारी का बिजली कनेक्शन न काटा जाए, क्योंकि इससे उनके कारोबार और मकानों में रहने पर सीधा असर पड़ता है।

इस पर चीफ इंजीनियर रजनीकांत मिश्र ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि विभाग की ओर से किसी भी व्यापारी को बिना वजह परेशान नहीं किया जाएगा और न ही अनावश्यक रूप से बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई कार्रवाई होती है तो वह नियमानुसार और उचित प्रक्रिया के तहत ही की जाएगी। बैठक के बाद व्यापारियों ने राहत महसूस की और विभाग के इस आश्वासन का स्वागत किया। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से अध्यक्ष मनोज गर्ग, आलोक सोम, ओंकार जी, सचिन वर्मा, गौरव विरमानी, भारत भूषण सहदेव तथा क्षेत्रीय सभासद संजीव पुंडीर शामिल रहे।