Search News
Tip: Search by heading, content, category, city, state, highlights.
@SZN MEDIA
25 साल की ननद ने भाभी को मार डाला:मेरठ में बोली- सीढ़ियों से गिरीं; रातभर नींद नहीं आई तो थाने पहुंचकर जुर्म कबूला
15 Jul 2026, 08:17 PM Uttar Pradesh - Meerut
Reporter : Arun Mishra
Meerut

मेरठ में पति से अवैध संबंधों के शक में ननद ने भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद घरवालों ने फर्श पर गिरने से मौत की कहानी गढ़कर मामला छिपाने की कोशिश की। लेकिन, पछतावा होने पर ननद 2 दिन बाद खुद पुलिस के पास पहुंच गई और हत्या करने की बात कबूल कर ली।

ननद ने पुलिस को बताया, "मुझे रातभर नींद नहीं आई। मेरे पति और भाभी के बीच 4 साल से संबंध थे। मैंने भाभी से पति का पीछा छोड़ने को कहा। इस पर उसने जवाब दिया कि पहले अपने पति को संभालो। इसी बात पर गुस्से में आकर मैंने रसोई से चाकू उठाया और उसके सीने पर कई वार कर दिए।"

12 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में हुई इस वारदात में पुलिस ने ननद को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। वहीं, खुलासे के बाद मृतका के पति समेत ससुरालवाले फरार हैं।

जानिए पूरा मामला...

अहमदनगर गली नंबर-2 में रहने वाले हाजी जाहिद शहर में एंपायर टेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। करीब 40 साल से वह इस कारोबार से जुड़े हैं। उनके परिवार में 2 बेटे शाहवेज और शाजेब और एक बेटी रिम्शा है। सुभाष बाजार स्थित पहली दुकान पर हाजी जाहिद खुद बैठते हैं, जबकि अहमदनगर स्थित दूसरी ब्रांच शाहवेज संभालता है।

करीब 6 साल पहले शाहवेज का निकाह किदवईनगर में रहने वाली निदा उर्फ सोनी (28) से हुआ था। दोनों के 2 बच्चे हैं। वहीं, रिम्शा (25) की शादी अहमदनगर से करीब 3 किलोमीटर दूर करीमनगर में रहने वाले ओवेश से हुई है। ओवेश ऑनलाइन कपड़ों का कारोबार करता है।

4 साल से अफेयर था, 8 महीने पहले ननद से हुई शादी

पड़ोसियों के मुताबिक, कपड़ों के कारोबार की वजह से ओवेश का शाहवेज के घर आना-जाना था। इसी दौरान उसकी निदा से नजदीकियां बढ़ीं। करीब 8 महीने पहले शाहवेज ने अपनी बहन रिम्शा की शादी ओवेश से करा दी। इसके बाद भी ओवेश और निदा के बीच बातचीत जारी रही। इस पर रिम्शा कई बार आपत्ति जताती थी।

रिम्शा ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन (रविवार को) उसने भाभी को अपने पति से बात करते देख लिया था। उसने किचन में भाभी से कहा कि उसके पति का पीछा छोड़ दे। इस पर निदा ने जवाब दिया, "पहले अपने पति को संभालो, दूसरे पर आरोप बाद में लगाना।" इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

गुस्से में रिम्शा ने रसोई में रखा चाकू उठाया और निदा के सीने पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर निदा वहीं गिर पड़ी।

चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने घटना को हादसा बताकर मामला छिपाने की कोशिश की। पुलिस को बताया गया कि निदा फर्श पर गिरने से घायल हुई थी।

पड़ोसी के फोन पर पहुंचे मायकेवाले, फर्श पर पड़ा मिला शव

निदा के घरवालों के मुताबिक, 12 जुलाई की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे पड़ोसी का फोन आया कि बेटी के साथ ससुराल में कोई अनहोनी हो गई है। सूचना मिलते ही मां, दोनों भाई और अन्य घरवाले मौके पर पहुंचे।

घर के अंदर निदा का शव फर्श पर पड़ा था और आसपास काफी खून फैला था। उसके हाथ, पैर और गले पर चोट के निशान थे। यह देखकर घरवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इस पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मायकेवालों की शिकायत पर जांच शुरू की गई।

शुरुआत में रिम्शा ने भी पुलिस को यही बताया कि निदा फर्श पर गिरने से घायल हुई थी। लेकिन, मंगलवार (14 जुलाई) को वह खुद पुलिस के पास पहुंची और हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वारदात के बाद से उसे रातभर नींद नहीं आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने ननद को गिरफ्तार कर लिया और देर रात पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया-

"जांच और तकनीकी साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि मृतका की अपने ननदोई से बढ़ती नजदीकियों को लेकर रिम्शा नाराज थी। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद रिम्शा ने रसोई से चाकू उठाकर निदा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है"